चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न विभागों तथा संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित सभी स्नातक, परास्नातक, सर्टिफिकेट और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रथम मेरिट सूची के आधार पर प्रवेश 12 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक संपन्न कराए जाएंगे।
हालांकि विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह संशोधित कार्यक्रम बीपीईएस, एमपीईएस, बीएससी फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स, बीए एलएलबी, बीकॉम एलएलबी और तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रमों पर लागू नहीं होगा। इन पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संचालित की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक परिसर विभागों और संबद्ध कॉलेजों को 1 अगस्त से 4 अगस्त तक समर्थ पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों का कार्यक्रमवार डाटा डाउनलोड करना होगा। इसके बाद संबंधित संस्थान उपलब्ध डाटा के आधार पर मेरिट सूची तैयार करेंगे।
मेरिट सूची तैयार करते समय विश्वविद्यालय की ओर से निर्धारित सभी वेटेज का पालन किया जाएगा। इसमें वार्ड कोटा, एनसीसी, एनएसएस, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से स्नातक करने वाले अभ्यर्थियों को मिलने वाला वेटेज तथा संबंधित विषय में यूजी ऑनर्स सहित अन्य निर्धारित अंकों को भी जोड़ा जाएगा। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों की पहली मेरिट सूची जारी कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।#CCSUAdmission2026 #CCSU #UGAdmission #PGAdmission #Meerut #AdmissionUpdate #UniversityAdmission #SamarthPortal #MeritList #HigherEducation