उत्तराखंड सरकार ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आदि कैलास यात्रा को वर्षभर संचालित करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने यात्रा को नियमित रूप से संचालित करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, प्रतिकूल मौसम और आकस्मिक परिस्थितियों में यात्रा संचालन मौसम की स्थिति के अनुसार ही होगा।
इस संबंध में पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने संबंधित विभागों को व्यापक और समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
श्रद्धालुओं और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आस्था एवं जनभावनाओं का सम्मान करते हुए आदि कैलास यात्रा को अधिक सुगम, व्यवस्थित और सर्वसुलभ बनाया जाएगा। इससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कैलास मानसरोवर यात्रा पर नहीं पड़ेगा असर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कैलास मानसरोवर यात्रा और आदि कैलास यात्रा दोनों का संचालन बेहतर समन्वय के साथ किया जाएगा। यात्रा प्रबंधन इस प्रकार तैयार किया जाएगा कि किसी भी यात्रा पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और दोनों यात्राएं व्यवस्थित ढंग से संचालित होती रहें।
पिथौरागढ़ बनेगा धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षभर आदि कैलास यात्रा संचालित होने से सीमांत जनपद पिथौरागढ़ को धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी। सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र में पर्यटन के नए अवसर विकसित करना है।#AdiKailash #PushkarSinghDhami #Uttarakhand #Pithoragarh #KailashMansarovar #ReligiousTourism #Tourism #Devbhoomi #IndiaNews #TravelNews