चांदपुर में आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी काटने के मामले में वन कर्मियों पर हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान दो युवकों को चोरी से लकड़ी काटते हुए पकड़ा था, लेकिन बाद में एक युवक फरार हो गया, जबकि दूसरे को हमलावरों ने जबरन छुड़ा लिया। इस मामले में वनरक्षक की तहरीर पर पुलिस ने सात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गंगा खादर क्षेत्र आरक्षित वन क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां वन विभाग द्वारा विकसित वन क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी माफिया आए दिन अवैध कटान को अंजाम देते हैं। इसी क्रम में रहमानपुर ब्लॉक में तैनात वनरक्षक सागर कुमार गश्त पर थे। इस दौरान उन्होंने वन क्षेत्र में यूकेलिप्टस के पेड़ काटते हुए दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
वनरक्षक दोनों को पूछताछ के लिए कैंप कार्यालय ले गए। पूछताछ के दौरान एक युवक वन कर्मियों को चकमा देकर जंगल की ओर भाग निकला। आरोप है कि इसके कुछ ही देर बाद दो बाइकों पर सवार होकर पांच युवक कैंप कार्यालय पहुंचे और वहां मौजूद दैनिक श्रमिक अमित पुत्र सुरेंद्र, मुकेश पुत्र भोले और पूरन पुत्र बहादुर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसी दौरान हमलावरों ने पकड़े गए दूसरे युवक को भी जबरन छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद वनरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने सात नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वन विभाग ने आरक्षित वन क्षेत्र में बढ़ती अवैध कटान की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।#Chandpur #ForestCrime #TimberTheft #ReservedForest #ForestDepartment #IllegalLogging #PoliceAction