रास्ते के विवाद में विपक्षियों द्वारा घर में घुसकर मारपीट किए जाने और पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज न किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम के दौरान आयुक्त देवीपाटन मंडल को अपनी पीड़ा सुनाई, जिसके बाद आयुक्त ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त देवीपाटन मंडल शशिभूषण लाल सुशील ने अपने कार्यालय में आयोजित मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम के तहत महिलाओं की शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान इटियाथोक थाना क्षेत्र के ग्राम अयाह निवासी रेनू मौर्या ने बताया कि 15 दिसंबर 2025 को रास्ते को लेकर हुए विवाद में विपक्षियों ने उसके घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की। इस घटना में वह स्वयं और उसके स्वजन घायल हो गए।
पीड़िता का आरोप है कि थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त देवीपाटन मंडल ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
#रास्ताविवाद #मारपीट #शक्तिसंवाद #देवीपाटनमंडल #महिलाशिकायत