पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उमर अब्दुल्ला आम लोगों से जुड़े गंभीर मुद्दों, विशेष रूप से ज़मीन अधिग्रहण और बागवानों की समस्याओं पर चुप्पी साधे हुए हैं।
बिजबिहाड़ा में अपने पिता एवं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की बरसी के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महबूबा मुफ्ती ने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय लगातार पीडीपी को निशाना बनाने में व्यस्त हैं।
महबूबा मुफ्ती ने कहा, “उमर अब्दुल्ला के पास पूर्ण बहुमत है और उनकी पार्टी के सदस्य राज्यसभा और लोकसभा दोनों में मौजूद हैं। इसके बावजूद वे उन मुद्दों पर खामोश हैं, जिनका सीधा असर गरीब और कमजोर तबके पर पड़ता है।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि उमर सरकार जम्मू-कश्मीर के ज्वलंत मुद्दों से मुंह मोड़ रही है। महबूबा मुफ्ती ने दावा किया कि मुख्यमंत्री आम कश्मीरियों के लिए बागों और ज़मीन की भावनात्मक और आर्थिक अहमियत को नहीं समझते।
उन्होंने कहा, “उमर अब्दुल्ला यह नहीं जानते कि एक बाग या ज़मीन का छोटा सा टुकड़ा किसी गरीब परिवार के लिए क्या मायने रखता है। यही वजह है कि वे इन सवालों पर चुप रहते हैं और उन लोगों के हक़ में आवाज़ उठाने से इनकार करते हैं, जिनकी रोज़ी-रोटी दांव पर लगी है।”MehboobaMufti
OmarAbdullah
PDP
JammuKashmir
KashmirPolitics
LandAcquisition
Orchardists