एनएच-27 पर भीषण सड़क हादसा: दो युवकों की मौत, चालक फरार

नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा मोड़ के पास एनएच-27 पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार कार ने पहले एक युवक को कुचल दिया और फिर बिजली के पोल से टकराकर हादसे को और भयावह बना दिया। इस दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, शहर की ओर से सासामुसा की तरफ जा रही कार ने एनएच-27 पार कर रहे कोन्हवा गांव निवासी मुमताज आलम के पुत्र फिरोज आलम को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फिरोज आलम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर पास स्थित बिजली के पोल से जा टकराई।

हादसे को देखकर मौके पर मौजूद कोन्हवा गांव निवासी जनार्धन प्रसाद के पुत्र जितेंद्र कुमार कार चालक को बचाने के लिए आगे बढ़े। इसी दौरान टूटे बिजली के पोल में आए करंट की चपेट में आने से जितेंद्र कुमार भी गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही अचेत हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने एनएच-27 पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
#NH27Accident #RoadSafety #LakhisaraiNews #OverSpeeding #PoliceAction

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें