मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के बैरिया चौक के पास रविवार को हुए एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट मामले में प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संबंधित गैस एजेंसी के डीलर का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं लापरवाही बरतने के आरोप में टीओपी-3 के प्रभारी समेत टाइगर मोबाइल के जवानों को निलंबित कर दिया गया है।
बताते चलें कि रविवार को बैरिया चौक के पास एक स्थान पर बड़ी संख्या में रखे एलपीजी सिलेंडरों में विस्फोट हो गया था। इस घटना में चार लोग इसकी चपेट में आ गए थे। जिस जगह पर ब्लास्ट हुआ था, वहां एक गैस एजेंसी के डंप सिलेंडर रखे हुए थे। मामले की जांच प्रशासन और पुलिस की टीम अलग-अलग कर रही है।डीसी ने की कार्रवाई की पुष्टि
अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने बताया कि संबंधित गैस डीलर के लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही उनके खिलाफ अन्य कानूनी कार्रवाई के बिंदुओं पर भी विचार किया जा रहा है। पलामू की डीसी समीरा एस ने भी मामले में प्रशासनिक कार्रवाई की पुष्टि की है।टीओपी-3 प्रभारी सहित टीम निलंबित
इधर एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि लापरवाही बरतने के मामले में टीओपी-3 के प्रभारी अजय कुमार गुप्ता समेत टाइगर मोबाइल की पूरी टीम को निलंबित कर दिया गया है। यह क्षेत्र मेदिनीनगर टाउन थाना के टीओपी-3 के अंतर्गत आता है।
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर करीब चार दर्जन खाली और भरे एलपीजी सिलेंडर होने की बात सामने आई थी। हालांकि सोमवार को मौके से केवल 18 सिलेंडर ही मिलने की पुष्टि हुई, जिससे कुछ सिलेंडरों के गायब होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।