‘सबक सिखाने का समय आ गया’, CM शुभेंदु के बयान पर बोले हुमायूं कबीर- मुझे गिरफ्तारी का डर नहीं

 बंगाल विधानसभा में सोमवार को राजनीतिक माहौल उस समय गर्म हो गया जब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आम जनता उन्नयन पार्टी
(एजेयूपी) के विधायक हुमायूं कबीर के हालिया विवादित बयानों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने सदन में स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब बहुत हो चुका। हुमायूं कबीर जैसे लोगों को अब सबक सिखाने का समय आ गया है।

विधानसभा में बोलते हुए शुभेंदु ने मुर्शिदाबाद के रेजिनगर और शक्तिपुर में हुमायूं कबीर द्वारा दिए गए भाषणों का उल्लेख किया और कहा कि इन बयानों के बाद राज्य सरकार ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि दोनों मामलों में कबीर के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।मुख्यमंत्री ने बताया कि 26 जून को रेजिनगर में हुई घटना के संबंध में रेजिनगर थाने में केस संख्या 219/226 दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 152, 196, 197, 224, 299, 351(2), 352 और 353 लगाई गई हैं। इसके अलावा शक्तिपुर की घटना को लेकर शकतिपुर थाने में केस संख्या 176/226 के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि हुमायूं कबीर अपने पुराने निर्वाचन क्षेत्र रेजिनगर में अपने बेटे को उपचुनाव लड़वाकर जिताना चाहते हैं और इसी राजनीतिक उद्देश्य से इस तरह की भड़काऊ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने विधायक को चेतावनी देते हुए कहा कि अब ऐसी भाषा और व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्हें संयमित होना होगा।

सदन में तीखा रुख अपनाते हुए शुभेंदु ने कहा कि आपको साफ बता रहा हूं, अब ममता बनर्जी राज्य की मुख्यमंत्री नहीं हैं। पहले आपको कमजोर मुख्यमंत्री मिल गई थीं, इसलिए आप जो चाहे बोलते थे, जो चाहे करते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। कबीर की धमकियों के बीच मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह एक सप्ताह के भीतर मुर्शिदाबाद जाएंगे।

दूसरी ओर, हुमायूं कबीर ने पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ कुछ नहीं कहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर सरकार मुझे गिरफ्तार करना चाहती है, तो कर सकती है। मुझे कोई डर नहीं है।

Leave a Comment

शहर चुनें