दहेज में चार लाख रुपये की मांग को लेकर हड़हार पंचायत के भोलाडीह गांव में एक विवाहिता के साथ की गई मारपीट का मामला दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। रविवार को हुई पिटाई में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान बुधवार शाम मौत हो गई।
मृतका की पहचान भोलाडीह गांव निवासी शंभू यादव की 23 वर्षीय पत्नी बबीता देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के बाद रविवार को उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिससे उसकी हालत नाजुक हो गई।
घटना को लेकर मृतका के पिता, झुनझुनिया निवासी पप्पू यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उनके बयान के आधार पर मृतका के पति शंभू यादव, ससुर रितेश यादव सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और पति शंभू यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य चार आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।DowryDeath
CrimeAgainstWomen
DomesticViolence
BiharCrime
PoliceAction
JusticeForWomen